नारसन विकासखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और आम लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें संबंधित अधिकारियों के सामने रखीं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
