धनबाद में SIR फॉर्म सुधार को लेकर माड़ा कार्यालय में उमड़ी भीड़, गर्मी में घंटों लाइन में लगे लोग

धनबाद के माड़ा कार्यालय में SIR फॉर्म में सुधार को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। उमस भरी गर्मी के बीच लोग सुबह से ही लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि फॉर्म में टाइटल, पिता के नाम सहित अन्य जानकारियों में त्रुटि होने के कारण उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

सुबह करीब 8 बजे से लोग लाइन में लगे हुए हैं। भीड़ के बीच पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ पहुंचे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

कार्यालय पहुंचे कुछ लोगों का कहना है कि जिनके पास सही और जरूरी दस्तावेज हैं, उन्हें प्रक्रिया में अपेक्षाकृत कम परेशानी हो रही है। लोगों के अनुसार SIR प्रक्रिया के लिए आवासीय प्रमाण पत्र अथवा वर्ष 2003 की मतदाता सूची और जन्मतिथि से संबंधित प्रमाण जैसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं।

वहीं, धैया वार्ड संख्या 21 के सांसद प्रतिनिधि सुरेश दास भी मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार और लोगों की परेशानियों का समाधान कराने की बात कही।