उजियारपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मालती पूर्वी के परिसर में पर्यावरण जागरूकता को लेकर मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मालती के पूर्व उपमुखिया कैलाश पंडित एवं नीरज कुमार ने किया।
प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश के करीब 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मध्य विद्यालय मालती से गावपुर बाबा चौक होते हुए वापस मालती तक लगभग 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई।
दौड़ में उत्तर प्रदेश के पवन राजवंश ने 15 मिनट 40 सेकेंड में दूरी पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं यूपी के ही सोनू पासवान ने 16 मिनट 20 सेकेंड में दौड़ पूरी कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अश्विनी राजभर ने 17 मिनट 2 सेकेंड में लक्ष्य तक पहुंचकर तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पवन राजवंश को मेडल के साथ रेंजर साइकिल, जबकि द्वितीय स्थान पर रहे सोनू पासवान को रनिंग शू देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
