अंडाल में दिलीप तुरी के घर ED का छापा, सुबह-सुबह कार्रवाई से मची हलचल

अंडाल थाना क्षेत्र के बनबहाल फांड़ी अंतर्गत बहुला बाध्यकर पाड़ा में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की। सुबह करीब 6 बजे केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम भारी सुरक्षा बल के साथ दिलीप तुरी के आवास पर पहुंची, जिसके बाद इलाके में हलचल बढ़ गई।

बताया जा रहा है कि ED की टीम ने दिलीप तुरी के घर की तलाशी ली। छापेमारी के दौरान घर में मौजूद दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।

कार्रवाई के दौरान केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को घर के बाहर तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के बीच ED अधिकारियों ने काफी देर तक आवास के अंदर जांच-पड़ताल की।

अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, ED की ओर से छापेमारी के कारण, जांच के दायरे या बरामदगी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एजेंसी की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।