धनबाद में FCI के अनाज लदे ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत

धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ भगत जी मंदिर के समीप मंगलवार रात करीब 9:45 बजे सड़क दुर्घटना में 70 वर्षीय साइकिल सवार सुरेश चौरसिया की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डहुआटांडा के कटिहार मार्केट निवासी सुरेश चौरसिया साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान FCI के चावल लदे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

हादसा इतना गंभीर था कि सुरेश चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा किया और ट्रक में तोड़फोड़ की। इसके बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जो सुबह तक जारी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से चावल निकालकर ले जाने का मामला भी सामने आया। पुलिस ने चोरी किए जा रहे चावल को ले जा रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।