जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के अंबाडीहा स्थित बंद पड़े अपेक्स इंटरप्राइजेज क्रेशर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन किया है। मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पूरे मामले की जानकारी एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर की रात बंद पड़े क्रेशर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में क्रेशर के मैनेजर रविशंकर सिंह के आवेदन पर जिरवाबाड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी रोनी शेख को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और चोरी गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
