गांधी जयंती पर डीसी कार्यालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान

महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार, 2 अक्टूबर को नमामि गंगे अभियान के तहत बोकारो डीसी कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की अध्यक्षता बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने की।

स्वच्छता अभियान में उपायुक्त, एसपी समेत जिले के कई पदाधिकारी और कर्मियों ने हिस्सा लिया। सभी ने हाथों में झाड़ू लेकर डीसी कार्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आज महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जा रही है। दोनों महापुरुषों की सादगी, विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी स्वयं अपने आश्रम में श्रमदान करते थे और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने पर जोर देते थे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।