चास में असामाजिक तत्वों ने दुकान समेत कई गाड़ियों में की तोड़फोड़, चार हिरासत में

चास थाना क्षेत्र के चेक पोस्ट के समीप स्थित कन्हैया भोजनालय में बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। उपद्रवियों ने भोजनालय के सामान को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही आसपास खड़ी तीन चारपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की। सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार के अनुसार, घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये की क्षति हुई है। तोड़फोड़ के कारण भोजनालय के कई सामान क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे और बॉडी को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

भोजनालय संचालक राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना देर रात की है। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों ने होटल में घुसकर कई सामानों को तोड़ दिया। इसके अलावा पड़ोस में खड़ी चारपहिया वाहनों के शीशे और बॉडी को भी क्षतिग्रस्त किया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।