देवरिया में अपहरण मामले का खुलासा, मुख्य सहयोगी गिरफ्तार

महुआडीह थाना क्षेत्र में हुए अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी के मुख्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत युवक आयुष सिंह को घटना के अगले ही दिन सकुशल बरामद कर लिया था।

जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर को विजयलक्ष्मी देवी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बेटे आयुष सिंह को बलटिकरा मार्ग से काली रंग की टाटा हैरियर में सवार कुछ लोगों ने जबरन उठा लिया। सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए 29 सितंबर को आयुष सिंह को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे से सकुशल बरामद कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आयुष के साथ मारपीट की और व्हाट्सऐप के जरिए 35 से 40 हजार USDT की फिरौती मांगी थी। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मऊ के रानीपुर से अभिषेक चौहान को गिरफ्तार किया है, जिसे पुलिस ने मामले का मुख्य सहयोगी बताया है।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और घटना में इस्तेमाल की गई टाटा हैरियर गाड़ी की तलाश कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।