समस्तीपुर में गांधी-शास्त्री जयंती पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का समापन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर समाहरणालय सभाकक्ष में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का भव्य समापन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर सूर्य प्रताप सिंह (भा.प्र.से.) ने की।

समारोह के दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान देने वाले केवस निजामत ग्राम पंचायत के मुखिया सहित अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ समाज और बेहतर वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले लोगों के कार्यों की सराहना की गई और भविष्य में भी स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का संदेश दिया गया।