नवरात्र और दशहरे से पहले बक्सर के खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खानों के संचालन और प्रतिबंधित मांस की बिक्री की सूचना पर शुक्रवार को कार्रवाई की गई। पशु क्रूरता निवारण पदाधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कई पशु बरामद किए गए। टीम ने मौके पर मौजूद सामानों और अन्य तथ्यों की जांच की। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध रूप से संचालित गतिविधियों को लेकर प्रशासन की ओर से आगे की प्रक्रिया शुरू की गई है।
गंदे पानी और दुर्गंध से परेशान थे स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कथित बूचड़खानों के कारण इलाके में लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। उनका आरोप है कि वहां से निकलने वाले गंदे पानी, खून और मांस के अवशेषों के कारण आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैलती थी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पशु क्रूरता निवारण पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि बरामद सामानों की सूची तैयार की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
