चंद्रावत नदी के दबाव से पुलिया टूटी, कई गांवों का संपर्क कटा

जिले में बाढ़ का कहर जारी है। संतघाट-पतजीरवा रोड पर पतरखा और निमुइया गांव के बीच चंद्रावत नदी के पानी के दबाव से पुलिया समेत सड़क का बड़ा हिस्सा टूट गया, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क बाधित हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी के ओवरफ्लो होने के कारण सड़क और पुलिया पर पानी का दबाव बढ़ता गया, जिसके बाद यह हिस्सा टूट गया। पुलिया टूटने के बाद पटजीरवा माई स्थान से निमुइया तक आवागमन प्रभावित हो गया है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले किसानों ने चंद्रावत नदी के पानी को प्राकृतिक रास्ते सरैया मन और हड़ही नदी की ओर मोड़ने का प्रयास किया था। पुलिया टूटने के बाद पानी का बहाव पूरी तरह बदल गया है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित इलाके में तत्काल राहत एवं आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।