सूर्या हाइलैंड सिटी के डुप्लेक्स गायत्री-15 में भीषण चोरी, 15 से 20 लाख के सामान चोरी की सूचना

धनबाद के धांगी मोड़ के समीप बलियापुर रोड स्थित सारायढेला थाना क्षेत्र के सूर्या हाइलैंड सिटी में चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने दो डुप्लेक्स को निशाना बनाया। इनमें से एक डुप्लेक्स में चोरी करने में सफल रहे, जबकि दूसरे डुप्लेक्स का ताला तोड़ने के बाद भी चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे सके।

मिली जानकारी के अनुसार, डुप्लेक्स गायत्री संख्या-15 के मकान मालिक गजेंद्र सिंह तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। वह करीब 14 दिनों से घर से बाहर थे। सोमवार शाम जब वह तीर्थ यात्रा से वापस अपने घर लौटे तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला।

गजेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य दरवाजा खोलकर जब वह अंदर दाखिल हुए तो घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था। घर में चोरी की घटना होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर से करीब 15 से 20 लाख रुपये के सामान चोरी होने की सूचना है। चोरी गए सामान में आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि चोरी की वास्तविक कीमत का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

चोरों ने इसी परिसर में स्थित डुप्लेक्स सुरुचि-3 को भी निशाना बनाया। यहां चोरों ने ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोरी करने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलने के बाद सारायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

लगातार दो डुप्लेक्स को निशाना बनाए जाने के बाद सूर्या हाइलैंड सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।