सेवा संकल्प अभियान के तहत विधायक ने किया पौधरोपण, बाढ़ से टूटी सड़कों की जल्द होगी मरम्मत

भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को जगतपुर मठिया में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बड़हरा विधायक सह पूर्व मंत्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान विधायक ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी पौधों का वितरण किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है और पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में पहुंचने पर सरैया मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने विधायक का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर भी ग्रामीणों से बातचीत की। बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को लेकर उन्होंने कहा कि टूट चुकी सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्राथमिकता में है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।