दरोगा अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारी; गांधी मैदान में भारी पुलिस बल तैनात

बिहार में 1799 पदों पर दारोगा बहाली की परीक्षा का मेन्स रिजल्ट रद्द किए जाने के बाद अभ्यर्थियों में नाराजगी है। रिजल्ट रद्द होने से आक्रोशित दारोगा अभ्यर्थियों ने पटना में प्रदर्शन का ऐलान किया है। अभ्यर्थी गांधी मैदान से प्रदर्शन निकालकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की तैयारी में हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस ने गांधी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारी आगे बढ़कर बैरिकेडिंग को पार न कर सकें।

पुलिस की ओर से प्रदर्शन के दौरान संभावित स्थिति से निपटने की तैयारी भी की जा रही है। पुलिसकर्मियों को ऑन-द-स्पॉट ट्रेनिंग और बचाव संबंधी रिवीजन कराया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस मैनुअल के अनुसार भीड़ और उपद्रव की स्थिति से निपटने के तरीके जवानों को समझा रहे हैं।

गांधी मैदान में तैनात पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। हालांकि, मौके पर कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी नजर आई।

दरोगा अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और पुलिस की तैयारियों को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर है।