आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से धनबाद थाना परिसर में पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने की।
बैठक में पूजा समितियों के आयोजकों से उनकी समस्याओं और तैयारियों की जानकारी ली गई। साथ ही पूजा के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावों और दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई।
थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडे ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान सबसे बड़ी चुनौती ट्रैफिक प्रबंधन की होती है। इसे सुचारू और सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा हुई। पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन करने की अपील की गई।
प्रशासन की ओर से पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए समितियों को निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया। बैठक का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना रहा।
