आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के वार्षिक टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्ट कॉन्सेट्टो’26 (Concetto’26) का गुरुवार, 8 अक्टूबर को पेनमैन ऑडिटोरियम में उद्घाटन हुआ। संस्थान के सेंचुरी ईयर में आयोजित हो रहा यह फेस्ट इस बार खास महत्व रखता है। “सेंचुरी सिनैप्स: फोर्ज्ड ओवर ए सेंचुरी” थीम पर आधारित इस आयोजन में टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, मैनेजमेंट, प्रतियोगिताओं और मनोरंजन से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कॉन्सेट्टो’26 के मुख्य आयोजन 9 से 11 अक्टूबर तक होंगे, जबकि 8 अक्टूबर से ही प्री-इवेंट की शुरुआत हो गई। फेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को सामने लाने और प्रबंधन कौशल को निखारने का मंच प्रदान करना है।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद कॉन्सेट्टो’26 के कन्वेनर प्रो. वसंता गोविंद कुमार विलुरी ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम के दौरान एक विशेष वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से फेस्ट से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की गई।
संस्थान के सौवें वर्ष के अवसर पर आयोजित कॉन्सेट्टो’26 में तकनीकी ज्ञान, रचनात्मकता और नवाचार को एक मंच पर लाने की तैयारी है। आगामी कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की भागीदारी और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए तकनीकी एवं प्रबंधन संबंधी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
