धनबाद में बुजुर्गों के अधिकारों को लेकर डालसा का जागरूकता अभियान, वृद्धाश्रम में बांगी गई जरूरी सामग्री

बुजुर्गों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), धनबाद की ओर से जिले की सभी पंचायतों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। झालसा के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अवर न्यायाधीश सह डालसा सचिव मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि जिले की सभी पंचायतों में 1 अक्टूबर 2026 से विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनके सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को बढ़ावा देना है।

इसी अभियान के तहत गुरुवार को लालमणि वृद्धाश्रम में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच दैनिक जरूरत की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही लाभार्थियों को राशन कार्ड और आयुष्मान हेल्थ कार्ड भी उपलब्ध कराए गए।

डालसा की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बुजुर्गों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना और उन्हें सरकारी योजनाओं तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। जिले की सभी पंचायतों में चल रहे इस अभियान के माध्यम से बुजुर्गों के प्रति सामाजिक संवेदनशीलता बढ़ाने और उनके कल्याण को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जा रहा है।