भारतीय डाक विभाग, धनबाद मंडल की ओर से आयोजित ‘राखी बनाओ और भेजो प्रतियोगिता-2026’ में कार्मल स्कूल की कक्षा सातवीं की छात्रा दक्षा वर्मा ने धनबाद मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में सिस्टर जेसिन्था और डाक विभाग के अधिकारी ने संयुक्त रूप से दक्षा वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने छात्रा की सफलता पर खुशी जाहिर की और उसकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
सिस्टर जेसिन्था ने कहा कि दक्षा एक प्रतिभाशाली और रचनात्मक छात्रा है। इस तरह के आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ उनकी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच को भी विकसित करते हैं।
भारतीय डाक विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर राखी बनाने और भेजने से जुड़ी प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य बच्चों को भारतीय त्योहारों और परंपराओं से जोड़ना तथा डाक सेवाओं के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है। इस वर्ष भी धनबाद जिले के सैकड़ों विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
दक्षा वर्मा की इस सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलेगी।
