पीके रॉय कॉलेज में NSUI की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, छात्रहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

पीके रॉय कॉलेज में आज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्र-छात्राओं की समस्याओं, कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल कृष्णा चौधरी, धनबाद जिला अध्यक्ष साहिल अली, विश्वविद्यालय अध्यक्ष राज सिंह, पीके रॉय कॉलेज अध्यक्ष हर्षित राय और कार्यकारी अध्यक्ष आजाद सम्मी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विद्यार्थियों को होने वाली परेशानियों को प्रमुखता से उठाने, कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की भूमिका पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।

NSUI के धनबाद जिला अध्यक्ष साहिल अली ने कहा कि संगठन विश्वविद्यालय से लेकर कॉलेज स्तर तक छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लगातार उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी NSUI विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

बैठक में संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया।