टेंपल रोड स्थित बरसाना टॉवर में सोमवार को रेखा देवी और चंदन गुप्ता के संयुक्त तत्वावधान में भव्य डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। नवरात्र के उल्लास से सराबोर इस कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने मां दुर्गा के भक्तिमय गीतों पर जमकर डांडिया नृत्य किया और उत्सव का आनंद उठाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल ‘पंख एक नई दिशा’ की अध्यक्ष पिंकी गुप्ता ने धनबादवासियों को नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भक्तिमय गीतों और संगीत की धुन पर डांडिया नृत्य का सिलसिला शुरू हुआ। उत्सव में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक वेशभूषा और भक्तिमय माहौल ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
इस आयोजन ने नवरात्र के दौरान आपसी मेल-जोल, सांस्कृतिक परंपराओं और सामुदायिक एकता की खूबसूरत तस्वीर पेश की। डांडिया उत्सव के माध्यम से लोगों ने मां दुर्गा की आराधना के साथ त्योहार की खुशियां भी साझा कीं।
