दीपावली केवल दीप जलाने और घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को धनबाद के मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99 जी कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, धनबाद रेल एसपी मूमल राजपुरोहित, नगर आयुक्त आशीष गंगवार एवं 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी श्याम पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर पूरा परिसर दीपावली की उमंग, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रप्रेम के रंग में सजा नजर आया। कार्यक्रम के माध्यम से दीपावली के वास्तविक महत्व को समझाने के साथ-साथ स्वदेशी परंपराओं, सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।
99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की यह पहल भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक विशेष प्रयास है। ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का संदेश लोगों को अपनी परंपराओं से जुड़ने और त्योहार को सामूहिक उत्साह एवं भाईचारे के साथ मनाने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के भव्य शुभारंभ के साथ ही परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। आयोजन ने दीपावली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को एक बार फिर रेखांकित किया।
