जमीन विवाद में बुजुर्ग किसान के परिवार पर जानलेवा हमला, चार लोग घायल; जमुआ के बुधुडीह गांव में तनाव

गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग किसान के परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय श्यामाकान्त वर्मा अपने भाइयों और भतीजे के साथ बुधुडीह हतिया मैदान के पास स्थित अपनी पुश्तैनी जमीन पर खेती कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे दूसरे पक्ष के रवीन्द्र वर्मा, कवीन्द्र वर्मा, सवेन्द्र वर्मा और गुड़िया कुमारी समेत कई लोग कथित तौर पर लाठी, डंडा, रॉड, सब्बल और बरछी लेकर वहां पहुंचे।

आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और फिर चारदीवारी के अंदर घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों में रजनीकान्त वर्मा और उमेश वर्मा समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल जमीन विवाद को लेकर हुए इस हिंसक हमले के बाद इलाके में चर्चा तेज है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।