धनबाद की बेटी काव्या किरण का दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में चयन, मेयर संजीव सिंह ने किया सम्मानित

धनबाद की प्रतिभाशाली बेटी काव्या किरण ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। केडीसी प्ले स्कूल में अध्ययनरत एवं न्यू कार्मिक नगर निवासी श्री अंशुमन की सुपुत्री काव्या किरण का चयन दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में हुआ है। उनकी इस सफलता से पूरे धनबाद में खुशी और गर्व का माहौल है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने काव्या के आवास पहुंचकर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनकी सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने काव्या की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल धनबाद ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।

काव्या किरण अब अंडर-15 एवं अंडर-19 बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस सफलता से जिले की अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन, बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देने की। काव्या ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

काव्या की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। धनबाद को अपनी इस होनहार बेटी पर गर्व है और अब सभी की निगाहें उनकी आगामी बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन पर टिकी हैं।