धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को भाकपा-माले एवं बीसीकेयू (बिहार कोलियरी कामगार यूनियन) की ओर से धनबाद के टेंपल रोड, पुराना बाजार स्थित भाकपा-माले जिला कार्यालय में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाकपा-माले राज्य कमेटी के सदस्य एवं बीसीकेयू के केंद्रीय संगठन मंत्री कॉमरेड आनंदमयि पाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के महानायक ही नहीं, बल्कि ब्रिटिश साम्राज्यवाद, शोषण, सामंती उत्पीड़न और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने वाले महान जननायक थे।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी समाज को जल-जंगल-जमीन, आदिवासी अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समारोह में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने तथा जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
