आपनो घर सोसाइटी में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, व्रतियों ने दिया सूर्यदेव को अर्घ्य

लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आपनो घर सोसाइटी परिसर में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ पूजा समिति की ओर से भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोसाइटी परिसर में आकर्षक छठ घाट का निर्माण कराया गया, जहां बड़ी संख्या में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्यदेव को संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों के लिए भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद एवं भोजन ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। इस आयोजन ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।

इस आयोजन में बिल्डर प्रदीप देवरलिया का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। वहीं, छठ पूजा समिति के रवींद्र सिंह, समाजसेवी पिंटू पासवान, कुंज बिहारी मिश्रा, निखिल सिन्हा एवं एस.के. सिन्हा सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आपनो घर सोसाइटी में आयोजित इस छठ महापर्व ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया।