कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन चौपाल राजपुरा पहुंची, मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

धनबाद। एग्यारकुंड प्रखंड के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत राजपुरा गांव में कांग्रेस पार्टी की ओर से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का ग्रामीणों ने स्वागत किया।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए संतोष कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत आम जनता के वोट में निहित है। उन्होंने ग्रामीणों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटे।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधांशु शेखर झा और प्रखंड अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने भी ग्रामीणों से अपने परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए कदम उठाएं।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को मतदाता सूची की जांच, नाम जुड़वाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक किया गया।