1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला की धरती पर भारतीय सेना के अहीर जवानों द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में बुधवार को रेजांगला अहीर शौर्य दिवस मनाया गया। इस अवसर पर धनबाद के बिनोद बिहारी चौक, बारामुड़ी खटाल के पास यादव समाज की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन यादव चेतना मंच के तत्वावधान में किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने रेजांगला युद्ध के वीर शहीदों को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने रेजांगला युद्ध के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1962 में भारतीय सेना के अहीर जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत वीरता और साहस का परिचय दिया था। देश की रक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में अहीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और देशभक्ति को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
