इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की मान्यता दिलाने की मांग को लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के जीएनएम नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं धनबाद विधायक राज सिन्हा के आवासीय कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि केवल राज्य सरकार की मान्यता होने से उनकी डिग्री की मान्यता झारखंड तक सीमित रह सकती है। ऐसे में उन्हें आश्वासन के बजाय ठोस समाधान की जरूरत है।
छात्राओं की मांग पर विधायक राज सिन्हा ने तत्काल पहल करते हुए SNMMCH अधीक्षक, सेंट्रल हॉस्पिटल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के सचिव से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान SNMMCH अधीक्षक ने बताया कि कॉलेज की ओर से निर्धारित मानदंड पूरे किए गए हैं।
वहीं, प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल की मान्यता के लिए निर्धारित समय पर पोर्टल खुलने के बाद आवेदन करना होता है। इसके बाद केंद्रीय टीम कॉलेज का निरीक्षण करती है और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर मान्यता प्रदान की जाती है।
विधायक राज सिन्हा ने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि जनवरी में पोर्टल खुलने के बाद मान्यता से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
छात्राओं ने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप से उनकी समस्या का समाधान होगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मान्य नर्सिंग डिग्री प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
