पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने अपना जन्मदिन सेवा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया। शनिवार को रणधीर वर्मा चौक स्थित बड़ा हनुमान मंदिर परिसर में कनक रेखा ट्रस्ट की ओर से संचालित ‘मां की रसोई’ के तहत खिचड़ी एवं खीर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं पूर्णिमा नीरज सिंह ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के बीच अपने हाथों से खिचड़ी और खीर परोसी।
इस अवसर पर कनक रेखा ट्रस्ट के सदस्यों ने पूर्णिमा नीरज सिंह का जन्मदिन भी विशेष अंदाज में मनाया। केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सेवा, सहयोग और जरूरतमंदों की मदद के महत्व पर जोर दिया गया। ‘मां की रसोई’ के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए पूर्णिमा नीरज सिंह ने ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
इस आयोजन के जरिए जन्मदिन को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटने का संदेश दिया गया।
