झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत धनबाद में सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ट्रायथलॉन का आयोजन किया गया। आठ लेन स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान साइकिलिंग और दौड़ प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सावधानी बरतने और सुरक्षित आवागमन का संदेश दिया गया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी खुद मैदान में उतरे। एसडीओ लोकेश बारंगे, डीएसपी ट्रैफिक समेत अन्य अधिकारियों ने साइकिल चलाकर कार्यक्रम में भाग लिया और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
आयोजन में बच्चों और युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। अधिकारियों ने भी इस तरह के आयोजनों को सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।
इस ट्रायथलॉन के जरिए प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सड़क पर अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
