बिहार बड़ी खबर बगहा से आ रही है, जहां बथवरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरामद गांजा की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
दरअसल, गंडक दियारा क्षेत्र अंतर्गत बथवरिया थाना क्षेत्र के चूड़िहरवा पटखौली गांव में पुआल के ढेर में गांजा छुपाकर रखे जाने की सूचना बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल को मिली थी। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने पुआल के ढेर की तलाशी ली, जहां से 13 बोरियों में रखे कुल 18 पैकेट गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजा का कुल वजन लगभग 203 किलोग्राम बताया जा रहा है। विधिसम्मत कार्रवाई के तहत मौके पर बगहा एक अंचल के अंचलाधिकारी नर्मदा श्रीवास्तव को दंडाधिकारी के रूप में मौजूद रखा गया।
छापेमारी टीम में बथवरिया थानाध्यक्ष अनुपम राय, सब इंस्पेक्टर योगेंद्र पासवान, वीरेंद्र कुमार, नीतू कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक रामानंद ठाकुर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। मौके से गांजा जब्त कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
बगहा एसपी स्वयं बथवरिया थाना पहुंचे और इस कार्रवाई की जानकारी मीडिया को दी। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है

