ऐंकर– मधुबनी जिले के जयनगर सहर से लगनेवाली इंडो नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित नो-मैन्स लैंड के इलाके को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जयनगर अनुमंडल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कमला बीओपी के इनर्वा क्षेत्र में भारी सुरक्षा बलों की मौजूदगी में बुलडोजर और जेसीबी चलाकर दशकों पुराने अवैध घरों व दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया है।
बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम, 1956 की धारा 6 (1) के तहत् यह विधिसम्मत कार्रवाई 48 वीं बटालियन एसएसबी मुख्यालय जयनगर के नेतृत्व में हुई है। जयनगर से सटे सीमावर्ती नो-मैन्स लैंड में अवैध कब्जेदारों को जबरन हटाने का यह अभियान जयनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) राघव दयाल, अंचलाधिकारी अखिलेश चौधरी, एसएसबी कमला कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट तासी पलधन की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया।
इस दौरान नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) की टीम भी इनर्वा और जयनगर से सटे नेपाली क्षेत्र में दल-बल के साथ पहुंची। दोनों पक्षों के अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण तोड़े गए है। एसएसबी, जयनगर पुलिस, एपीएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें सक्रिय रहीं।
कार्रवाई के दौरान जयनगर के बीडीओ राजीव रंजन जयनगर थाना प्रभारी अमित कुमार, देवधा थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह, नेपाल पुलिस इनर्वा, एपीएफ इनर्वा और जयनगर अंचल अमीन समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण से नो मैन्स लैंड को अतिक्रमण मुक्त करते समय कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
मौके पर अधिकारियों ने बताया है कि यह अभियान सीमा क्षेत्र को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया गया है। जयनगर जैसे सीमावर्ती इलाकों में ऐसी कार्रवाइयां समय- समय पर होती रहेंगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-मैन्स लैंड पर अतिक्रमण से सीमा सुरक्षा प्रभावित हो रही थी।
अब इस क्षेत्र को साफ करने से दोनों देशों के बीच सीमा प्रबंधन मजबूत होगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे कोई भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई भारत- नेपाल सीमा पर सहयोग का उदाहरण है।









