झरिया के नुनुडीह मोड़ पर फटा पाइप, सड़क जाम कर लोगों का विरोध—दो दिन में मरम्मत का आश्वासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग स्थित नुनुडीह मोड़ पर जलापूर्ति पाइप फटने से सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। पाइप से लगातार पानी बहने के कारण सड़क पर कई बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क की हालत और बिगड़ती जा रही है। राहगीरों, स्कूली बच्चों और छोटे वाहनों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। आए दिन बाइक सवारों के गिरने और टोटो पलटने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

इस समस्या को लेकर पहले ही माले नेता सबूर गोराई के नेतृत्व में चेतावनी दी गई थी कि यदि सात दिनों के भीतर पाइप और सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो मुख्य मार्ग जाम किया जाएगा। बावजूद इसके विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इसी के विरोध में बुधवार को माले नेता सबूर गोराई के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने नुनुडीह मोड़ पर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलने पर सुदामडीह थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और झरिया अंचल अधिकारी (सीओ) व संबंधित जेई से वार्ता की। इसके बाद माले नेता ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।

सबूर गोराई ने बताया कि संवेदक से फोन पर बातचीत हुई है और दो दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी अनदेखी हुई तो अनिश्चितकालीन सड़क जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।

झरिया नुनुडीह मोड़ पाइप फटा, सड़क जाम

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai