बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खाबदह पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित कन्हैली गांव में एक रसगुल्ला फैक्ट्री से निकलने वाले गंदे पानी और दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री संचालक द्वारा गंदा पानी सीधे नहर में छोड़ा जा रहा है, जिससे आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है। इसके कारण लोगों के घरों में फैक्ट्री के अवशेष पहुंच रहे हैं और खाने-पीने की चीजें भी प्रभावित हो रही हैं। हालात यह हैं कि लोग घरों में प्लास्टिक बिछाकर सामान रखने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्गंध के कारण मक्खियों का आतंक बढ़ गया है, जिससे रहना और खाना दोनों मुश्किल हो गया है। सड़क पर चलना भी कठिन हो गया है।
बुधवार को दर्जनों ग्रामीणों ने फैक्ट्री के पास घंटों प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में अशोक यादव, रामानंद यादव, अरविंद यादव, मनोज यादव, गुरुदेव कुमार, त्रिभुवन यादव, भूपेश यादव, रुपेश यादव, सरोज देवी, रूबी कुमारी, प्रतिभा कुमारी, उपेंद्र यादव समेत कई लोग शामिल रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री संचालक बृजेश कुमार द्वारा लंबे समय से गंदे पानी का निस्तारण सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री परिसर में तेज आवाज में अश्लील गाने बजाए जाते हैं, जिससे सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है |
।
