नेपाल सीमा पर SSB और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.460 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 44वीं वाहिनी SSB के अंतर्गत पचरौता क्षेत्र में 08 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:55 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तम्भ संख्या-429 से लगभग 3.5 किलोमीटर अंदर संयुक्त नाका के दौरान यह सफलता मिली।

कार्रवाई के दौरान निरीक्षक बलवंत सिंह जडेजा अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक बोरी में करीब 10.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पकड़े गए तस्कर की पहचान आनंद कुमार (20 वर्ष), निवासी छापरिया टोला, थाना भंगहा, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की फिराक में था। इसके बाद गिरफ्तार तस्कर और बरामद गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए भंगहा थाना को सौंप दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने SSB और पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। माना जा रहा है कि इस तरह की कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।