बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कंटेनरों से 125 मवेशियों को बरामद किया है। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती थाना क्षेत्र के लिंक रोड स्थित छाता नहर के समीप मंगलवार की रात यह कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए पशुओं से लदे तीन कंटेनरों को जब्त किया।
इस पूरे ऑपरेशन को हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर अंजाम दिया गया। मोहनियां अनुमंडल के प्रदीप कुमार के नेतृत्व में दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान तीनों कंटेनरों से कुल 125 मवेशी बरामद किए गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर कंटेनर छोड़कर फरार हो गए।
इस संबंध में एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। बरामद मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लिया गया है और कंटेनर मालिक व चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है।











