बिहार के फारबिसगंज में दो लोगों की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने अनुमंडलीय अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मार्केटिंग यार्ड के समीप सुबह एक व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से नाराज लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के सामने ही पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
मृतक की पहचान नबी हुसैन तथा आरोपी की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी की गई, दुकानों में तोड़फोड़ की गई और अनुमंडलीय अस्पताल को भी नुकसान पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही जितेंद्र कुमार (पुलिस अधीक्षक, अररिया) मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।











