बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी, झपट्टामारी और गुम हुए कुल 112 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह अभियान बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन को तकनीकी और आसूचना आधारित जांच के जरिए वापस दिलाना है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अब तक समस्तीपुर पुलिस इस अभियान के तहत लगभग 1817 मोबाइल बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल कीमत करीब 3 करोड़ 73 लाख रुपये आंकी गई है।
इस अभियान का संचालन पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) दुर्गेश दीपक और डीआईयू नोडल पदाधिकारी धनंजय कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसके लिए जिले में छह मोबाइल रिकवरी टीमों का गठन किया गया है।
ताजा कार्रवाई में सदर-1, सदर-2, दलसिंहसराय, रोसड़ा, पटोरी और साइबर थाना की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद किए।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक सबसे अधिक 27 मोबाइल साइबर थाना टीम और 12 मोबाइल दलसिंहसराय टीम द्वारा बरामद किए गए हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है।
पुलिस ने कहा है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि आम लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल समय पर वापस मिल सकें।











