रहिका में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटा घायल, चालक फरार

मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार बेटा अपनी मां को लेकर दरभंगा जा रहा था। इसी दौरान एनएच 527B पर पखरोनी और कपसिया के बीच एक तेज रफ्तार चार पहिया अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मां-बेटा सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी दौरान एक टेंपो चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत रहिका अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद महिला की हालत गंभीर बताई। बताया जा रहा है कि घायल महिला जयनगर के कोरयाही गांव की रहने वाली हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।