जिला प्रशासन, मधुबनी एवं मधुबनी केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को नशा मुक्ति विशेषकर सूखा नशा मुक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता रैली निकाली गई।
यह रैली शहर के शंकर चौक से शुरू होकर समाहरणालय परिसर तक पहुंची। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोगों ने बैनर, पोस्टर और तख्तियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। रैली में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के सदस्य, औषधि नियंत्रक, युवा वर्ग और बुद्धिजीवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली के उपरांत समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी Anand Sharma ने नशा मुक्ति अभियान में शामिल होकर जिले को नशा मुक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मधुबनी जिला विशेषकर सूखा नशा मुक्त जिला बनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सूखा नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसके उन्मूलन के लिए व्यवसायी, सिविल सोसाइटी, पुलिस, मद्य निषेध विभाग, स्वास्थ्य विभाग, युवा, अभिभावक और मीडिया सभी की सामूहिक भूमिका आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल छापेमारी करना नहीं है, बल्कि समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित कर आने वाली पीढ़ी के लिए नशामुक्त वातावरण तैयार करना है।
साथ ही उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में एआई कैमरों की मदद से निगरानी बढ़ाई जाएगी और अवैध नशा कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार, डीपीआरओ परिमल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक रश्मि, वरीय उप समाहर्ता सिम्पा ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
