आसनसोल में धर्म परिवर्तन को लेकर बवाल, प्ले स्कूल शिक्षक पर गंभीर आरोप — लोगों ने किया थाने का घेराव

आसनसोल के दक्षिण थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधा रामकनाई स्थान इलाके में कथित धर्म परिवर्तन को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक प्ले स्कूल शिक्षक, उत्तम बरनवाल, शिक्षा के नाम पर लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन करा रहा है।

इलाके के निवासियों का कहना है कि शिक्षक ने अब तक लगभग 8 से 9 हिंदू परिवारों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया है। इस घटना से नाराज लोगों का आरोप है कि यह सनातन धर्म पर सीधा हमला है और इससे उनके धार्मिक अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

मामले को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने आसनसोल दक्षिण थाना का घेराव किया और आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।

वहीं दक्षिण थाना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।