उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब सांवरा-हजौली मुख्य मार्ग के किनारे झाड़ियों में एक वृद्ध का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान नाथूपुर गांव निवासी 75 वर्षीय महेंद्र चौहान के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना स्थल के पास ही मृतक की पत्नी घायल अवस्था में मिलीं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। मृतक के पुत्र शुकुल चौहान ने बताया कि गेहूं देने को लेकर पिछले दो दिनों से परिवार में विवाद चल रहा था। इस संबंध में उन्होंने पप्पू चौहान के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी (CO) रसड़ा आलोक कुमार ने बताया कि नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद नाथूपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मौके पर शांति व्यवस्था बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई जारी है।





