पश्चिम बंगाल के अंडाल क्षेत्र में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में उखड़ा चौकी पुलिस ने चनचनी चेक पोस्ट के पास नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 लाख 73 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नगदी बरामद हुई, जिससे मौके पर सनसनी फैल गई।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, चुनाव की घोषणा के बाद बिना उचित दस्तावेज के 50 हजार रुपये से अधिक नकद ले जाना प्रतिबंधित है। ऐसे में पुलिस ने संतोषजनक जवाब न मिलने पर पूरी राशि जब्त कर ली।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया व्यक्ति प्रबीर चक्रबर्ती है, जो दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के पटशौरा गांव का निवासी है और पेशे से डाकघर एजेंट बताया जा रहा है। उसने दावा किया कि यह रकम ग्राहकों से एकत्र की गई है और उसका कोई गलत इरादा नहीं था।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि वह संबंधित दस्तावेज और वैध प्रमाण प्रस्तुत करता है, तो नियमानुसार आवेदन देकर राशि वापस प्राप्त कर सकता है। अन्यथा यह रकम सरकारी खाते में जमा कर दी जाएगी।
चुनाव से ठीक पहले इतनी बड़ी नकदी की बरामदगी से इलाके में हलचल बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।





