नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-20 पर मुढ़ारी गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पटना से बिहारशरीफ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकरा गई और फिर सड़क किनारे खड़ी बुलेट बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में राहगीर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत रेफरल अस्पताल कल्याण बीघा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान भूषण कुमार (40 वर्ष), पिता सुखनंदन प्रसाद के रूप में हुई है।
स्थानीय ग्रामीण जितेंद्र कुमार ने बताया कि कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।







