भीमताल स्थित विकास भवन में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिले के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और जनता से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को कैची धाम बाईपास निर्माण कार्य को प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के साथ समन्वय बनाकर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही, पालिका और सिंचाई विभाग को क्षेत्र में छोटी-छोटी पॉकेट पार्किंग विकसित करने के लिए कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।
भीमताल में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 83 लाख रुपये की योजना को स्वीकृति दिलाने हेतु शासन स्तर पर अधिकारियों से वार्ता कर जल्द बजट जारी कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, सिंचाई विभाग और पर्यटन विभाग को भीमताल, नैनीताल, हरीशताल और लोहाखाम तालों के सौंदर्यकरण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर तेजी से काम शुरू करने को कहा गया।
हरिनगर-नौकुचियाताल बाईपास रोड निर्माण के लिए किसानों को उचित मुआवजा तय कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।










