मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत कपसिया पंचायत में वर्ष 2025-26 की धान खरीद प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। मामले में स्थानीय किसान राजीव कुमार झा ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आरोप है कि प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी द्वारा कृषि विभाग के निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से धान खरीद की अनुशंसा की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
किसान द्वारा दिए गए आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कपसिया पंचायत पैक्स में हितों का टकराव देखने को मिल रहा है। बताया गया है कि पैक्स अध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिससे धान खरीद प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर निबंधक सहयोग समितियां पटना, सहायक निबंधक सहयोग समितियां दरभंगा एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी मधुबनी से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।










