बंद आवास में लाखों की चोरी, शादी में गए परिवार के घर को चोरों ने बनाया निशाना

धनबाद जिले के Baghmara थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआटांड में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बंद पड़े एक आवास को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, जमुआटांड निवासी खैलू रवानी अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भुक्तभोगी के घर में करीब 2 से 2.5 लाख रुपये के जेवरात रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।

हालांकि, चोरी की कुल संपत्ति का सही आकलन परिवार के वापस लौटने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।