जयनगर वार्ड-04 में कूड़े का अंबार, सफाई व्यवस्था ध्वस्त; पार्षद पर लापरवाही के आरोप

Jaynagar नगर पंचायत के वार्ड नंबर 04 में कूड़ा-कचरा और गंदगी का अंबार लगने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इलाके में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है।

वार्ड के लोगों का कहना है कि लंबे समय से नालों की सफाई नहीं हो रही है और कचरा उठाव भी पूरी तरह ठप है। सड़कों और गलियों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके कारण बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने वार्ड पार्षद शिवजी पासवान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्षेत्र में विकास कार्य, सफाई और कचरा प्रबंधन को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।

लोगों ने नगर प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई कराने और कचरा उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

यह स्थिति न केवल जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन चुकी है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है |