पटना में नाबालिग बच्ची हत्याकांड का खुलासा, त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

Patna के बायपास थाना क्षेत्र में हुई नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 अप्रैल 2026 को बायपास थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग बच्ची का शव बरामद किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना सिटी-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय अनुसंधान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल उद्भेदन किया।

जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रंजीत कुमार को छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े हर तथ्य को सामने लाया जा सके।